Summer express ,आरविंदर सिंह , हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से शुरू की गई भूख हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रहित से जुड़ी मांगों पर सरकार और प्रशासन सकारात्मक कार्रवाई नहीं करते, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
एबीवीपी हमीरपुर इकाई के अध्यक्ष भवानी सिंह ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में तकनीकी विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति, विश्वविद्यालय को सेल्फ फाइनेंस व्यवस्था से बाहर लाना और सरकार की ओर से पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना शामिल है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल, कैंटीन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की भी मांग की जा रही है।
भवानी सिंह ने आरोप लगाया कि तकनीकी विश्वविद्यालय में लंबे समय से स्थायी कुलपति का पद खाली है। करीब दो वर्ष बीतने के बावजूद नियुक्ति नहीं होने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द स्थायी कुलपति की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि विश्वविद्यालय का संचालन बेहतर तरीके से हो सके।
उन्होंने विश्वविद्यालय की सेल्फ फाइनेंस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। भवानी सिंह के मुताबिक, विद्यार्थियों से विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए भारी फीस ली जा रही है, जबकि इसके बदले उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार विश्वविद्यालय को उचित वित्तीय सहायता दे, जिससे विद्यार्थियों पर फीस का अतिरिक्त बोझ कम किया जा सके।
एबीवीपी नेताओं ने शिक्षा मंत्री और तकनीकी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। भवानी सिंह ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
वहीं एबीवीपी की छात्रा नेहा ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से अधिक फीस वसूली जा रही है। उन्होंने सरकार से छात्रहित में जल्द निर्णय लेने और सभी प्रमुख मांगों को पूरा करने की अपील की।