₹50 लाख की अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपी मशीन और ₹25 लाख से जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन होंगे
Summer express/शिमला-:भाजपा राज्यसभा सांसद एवं ऊर्जा संबंधी स्थायी संसदीय समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए एनएचपीसी चमेरा-II पावर स्टेशन ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत ₹75 लाख की राशि स्वीकृत की है। यह पहल जिले के गरीब, जरूरतमंद तथा ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हर्ष महाजन ने बताया कि स्वीकृत राशि में से ₹50 लाख अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपी मशीन की खरीद पर खर्च किए जाएंगे। इस आधुनिक उपकरण के उपलब्ध होने से जिले में शल्य चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक तकनीक से उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि ₹25 लाख गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन तथा शल्य चिकित्सा सहायता के लिए खर्च किए जाएंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और धन के अभाव में उपचार से वंचित रह जाने वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।महाजन ने कहा कि चंबा देश के आकांक्षी जिलों में शामिल है और जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल तथा आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण चंबा के अनेक ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा CSR के माध्यम से स्थानीय विकास में भागीदारी से आकांक्षी जिलों के विकास को नई गति मिल रही है। एनएचपीसी द्वारा चंबा की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ₹75 लाख की सहायता उपलब्ध करवाना जनहित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।हर्ष महाजन ने एनएचपीसी प्रबंधन एवं चमेरा-II पावर स्टेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस प्रकार की पहल से चंबा के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आधारभूत आवश्यकताओं को मजबूत करने के लिए ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।