पुलिस ने पानी डाल कर बुझाई आग, कार्यकर्ताओं ने डाल दिया तेल
Summer express/मंडी/धर्मवीर -:हिमाचल प्रदेश में जारी विधानसभा सत्र के दौरान मंडी में युवा मोर्चा का सुक्खू सरकार के खिलाफ आक्रोश देखने को को मिला है। जिसमें विरोध स्वरूप भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंडी जिला मुख्यालय में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुतला भी जलाया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का भी प्रयास किया, जिसको लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक छीनाझपटी होती रही। पुलिस ने आग बुझाने के लिए पुतले पर पानी भी डाला, लेकिन कार्यकर्ताओं ने दोबारा उस पर तेल डालकर आग तेज कर दी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने सुक्खू सरकार की गारंटियों, युवाओं को रोजगार देने के वादे और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मंडी शहर में आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सुक्खू सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को पूरा करने की मांग उठाई। भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व युवाओं को हर साल 1 लाख रोजगार देने सहित 10 गांरटियाँ दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार अब इन गारंटियों को भूल चुकी है। पिछले4 सालों से प्रदेश की जनता सरकार की जन विरोधी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त है और अब जनता से सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।