वॉशरूम के बाहर बैरिकेड से आवाजाही में परेशानी, वाटर कूलर में नहीं आता पानी
सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में जहां आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दावे किए जाते हैं, वहीं कॉम्प्लेक्स के अंदर ही स्टाफ और यहां आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
डीसी ऑफिस परिसर के कमरा नंबर 522 और 520, जहां स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) का कार्यालय है और पीबी-01 नंबर से संबंधित वाहनों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होती है, वहीं लेबर डिपार्टमेंट का कार्यालय भी है। यहां स्टाफ के लिए बनाए गए वॉशरूम के बाहर बैरिकेड लगा हुआ है, जिसके कारण वॉशरूम तक आने-जाने में कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रास्ते में बैरिकेड होने के कारण आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार लोगों को संकरे स्थान से होकर निकलना पड़ता है। वाटर कूलर लगा, लेकिन पानी नहीं
इसी परिसर में लोगों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी लगाया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें पानी उपलब्ध नहीं रहता।
ऐसे में दूर-दराज से अपने सरकारी काम करवाने के लिए आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। खासकर गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
लाखों खर्च कर बनाए कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थाओं पर सवाल: जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स को इस उद्देश्य से तैयार किया गया था कि एक ही स्थान पर लोगों को विभिन्न सरकारी विभागों की सुविधाएं मिल सकें। लेकिन यदि परिसर में आने वाले लोगों को पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध न हो और कर्मचारियों के लिए बने वॉशरूम के बाहर ही आवाजाही बाधित हो रही हो, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को केवल बड़ी इमारत और आधुनिक कार्यालय बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वहां साफ-सफाई, पीने के पानी, वॉशरूम और सुचारु आवाजाही जैसी बुनियादी सुविधाओं की नियमित निगरानी भी करनी चाहिए।
जिम्मेदार अधिकारियों को करनी चाहिए मौके की जांच
स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी और लेबर डिपार्टमेंट के आसपास की व्यवस्थाओं का संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण करना चाहिए। वॉशरूम के बाहर लगाए गए बैरिकेड को इस तरह व्यवस्थित किया जाना चाहिए कि कर्मचारियों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। वहीं वाटर कूलर में नियमित पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है, ताकि सरकारी कार्यालय में आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े।