Summer express/ऊना,राकेश-:जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक में सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान सांसद के तेवर काफी सख्त नजर आए। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगा और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।अनुराग ठाकुर ने ड्रग पार्क के शिलान्यास को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ड्रग पार्क का शिलान्यास किए जाने के बावजूद इसे अलग-अलग हिस्सों में दोबारा शिलान्यास कराने की जरूरत क्यों पड़ी। इस मुद्दे पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और विकास परियोजनाओं में बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही।
सांसद ने केंद्रीय निधि से बनने वाली सड़क परियोजना की पट्टिका में उनका नाम नहीं होने और कार्यक्रम की सूचना समय पर नहीं दिए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह होना है और प्रशासन की ओर से सूचना रात में दी जाती है, तो यह उचित कार्यप्रणाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन का जिम्मेदारी और समन्वय के साथ काम करना जरूरी है।बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने प्रशासन को जवाबदेही के साथ काम करने और आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से बचाने के निर्देश दिए।