Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा -:कांगड़ा एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार को लेकर अब प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने का दावा किया जा रहा है। शुक्रवार को दिल्ली में संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेने के बाद शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट विस्तार के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R), विश्वविद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया और विधायकों की गाड़ियों पर झंडा लगाने की अनुमति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। उन्होंने दावा किया कि परियोजना से प्रभावित लोगों को करीब 4000 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शेष भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाएगा और इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।विधायक ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार जैसी बड़ी परियोजना में प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन मामलों में अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है, उन्हें भी जल्द सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। गगल क्षेत्र के कुछ लोगों के लंबित मामलों के संबंध में पूछे गए सवाल पर पठानिया ने कहा कि इस विषय को विधानसभा में भी उठाया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से इन मामलों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है।
वहीं, सनौरा क्षेत्र के प्रभावित लोगों को R&R के तहत राशि नहीं मिलने के सवाल पर शाहपुर विधायक ने कहा कि इस मामले में विधानसभा में सरकार की ओर से जवाब दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही पूरी होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। इससे प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।विश्वविद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया में बदलाव को लेकर भी पठानिया ने सरकार के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विभिन्न यूनिवर्सिटीज में पहले प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और लेक्चरर जैसे पदों पर नियुक्तियां मुख्य रूप से इंटरव्यू के आधार पर की जाती थीं। अब भर्ती प्रक्रिया में टेस्ट को शामिल करने का निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार इस व्यवस्था से चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाने में मदद मिलेगी।
पठानिया ने कहा कि टेस्ट आधारित भर्ती व्यवस्था प्रदेश के युवाओं और मेरिटोरियस अभ्यर्थियों के हित में है। उन्होंने इसे स्वागत योग्य कदम बताते हुए कहा कि इससे योग्य उम्मीदवारों को अपनी प्रतिभा और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।विधायकों की गाड़ियों पर झंडा लगाने की अनुमति दिए जाने के फैसले पर भी विधायक ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नियम पहले की भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही बनाए गए थे, लेकिन अब उनमें संशोधन किया गया है। पठानिया ने इसे विधायकों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताया।कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार को लेकर विधायक के बयान के बाद अब प्रभावित क्षेत्रों में लंबित जमीन अधिग्रहण और R&R की प्रक्रिया के जल्द पूरा होने की उम्मीद बढ़ी है। परियोजना के अगले चरण में प्रशासनिक कार्रवाई और प्रभावित परिवारों से जुड़े मामलों का निपटारा अहम माना जा रहा है।