Summer express ,सागर | मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से कई ग्रामीणों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। घूघरा, जालमपुर, बराज सहित आसपास के गांवों में अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक मरीजों को गंभीर हालत में सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। प्रभावित लोगों को पहले बंडा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर कई मरीजों को आगे के इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल भेजा गया। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और उपचार में जुटी हुई हैं।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि संदिग्ध शराब के सेवन के बाद अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, 25 से अधिक लोगों को उपचार के लिए सागर जिला अस्पताल भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार लोगों की जांच कर रही हैं और गंभीर लक्षण वाले मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि संदिग्ध शराब कहां से लाई गई थी और इसे ग्रामीणों तक किसने पहुंचाया। इसके अलावा शराब के सेवन से लोगों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि शराब के सेवन के बाद किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने, आंखों की रोशनी प्रभावित होने, उल्टी, चक्कर या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाएं। फिलहाल प्रभावित गांवों में प्रशासन की टीमें तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।