Summer express, नूंह | नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में रविवार सुबह एक किराना दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रावली गांव के पास दिल्ली-अलवर रोड पर मिले 58 वर्षीय इदरीश कुरेशी के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं, कान के पास गहरा जख्म भी मिला है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान इदरीश कुरेशी पुत्र जुम्मा, निवासी रावली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, इदरीश शनिवार रात रोजाना की तरह अपनी किराने की दुकान बंद करने के बाद दुकान के बाहर बने टीन शेड के नीचे सो गए थे। रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण उन्हें नमाज के लिए जगाने पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो लोगों ने पास जाकर देखा। इस दौरान इदरीश खून से लथपथ हालत में मृत मिले। उनके कान के पास गंभीर चोट का निशान था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र, डीएसपी हरदीप सिंह और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इदरीश की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।