मंडी, धर्मवीर-:जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा है कि राजनीति में उनका उद्देश्य किसी पद या कुर्सी को हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि वह हार से घबराने वाली नहीं हैं, बल्कि हर हार से सीख लेकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती हैं। चंपा ठाकुर गर्ल्स स्कूल मंडी में आयोजित अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थीं।
चंपा ठाकुर ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आगे आने का अवसर मिलने से उन्हें नेतृत्व करने का मंच मिला। उन्होंने कहा कि कुछ पुरुष नेता महिलाओं की राजनीतिक भूमिका को लेकर लगातार तंज कसते हैं और चुनावी हार को लेकर भी टिप्पणियां की जाती हैं, लेकिन वह इन बातों से विचलित नहीं होतीं।
उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके परिवार के साथ-साथ सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने छात्राओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जीत-हार को खेल भावना से स्वीकार करने का आह्वान किया।
तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में मंडी जिले के 24 स्कूलों से पहुंची 300 से अधिक छात्राओं ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन और शतरंज सहित कई खेलों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।गर्ल्स स्कूल मंडी के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अनिल ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया और खेलों के प्रति अपनी प्रतिभा व उत्साह का परिचय दिया।समापन समारोह के अंत में मुख्यातिथि चंपा ठाकुर ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।