summer express , रोहतक। बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र के मदीना गांव में आकाशवाणी केंद्र के पीछे जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 39 वर्षीय शेर मोहम्मद अली के रूप में हुई है। वह दिल्ली में टैक्सी चालक के तौर पर काम करता था। पुलिस को घटनास्थल से जला हुआ आधार कार्ड मिला था, जिसके आधार पर शव की पहचान हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे बहुअकबरपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मदीना गांव के पास आकाशवाणी केंद्र के पीछे एक शव जल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मिट्टी डालकर आग बुझाई। शुरुआती जांच में सामने आया कि शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पीजीआई पहुंची थी। इसी दौरान दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि अलीगढ़ के जमालपुर क्षेत्र स्थित आसिफ नगर निवासी शेर मोहम्मद अली रविवार रात से लापता है। दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में उसके अपहरण की एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस और मृतक के परिजन रोहतक पहुंचे और देर रात पीजीआई में शव की पहचान की।
पुलिस जांच में पता चला कि शेर मोहम्मद अली करीब एक साल से टैक्सी चला रहा था। वह अपने रिश्तेदार साहिल की कार को ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर चलाता था। रविवार को कार पंजाब जाने के लिए बुक हुई थी, लेकिन बाद में बुकिंग रद्द कर दी गई। इसके बाद शेर मोहम्मद का मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शेर मोहम्मद का अपहरण किसने और किस उद्देश्य से किया था। हत्या के बाद शव को रोहतक लाकर जलाए जाने की आशंका के बीच पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसमेर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली में टैक्सी चलाने वाले अलीगढ़ निवासी शेर मोहम्मद अली के रूप में हुई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।