एजेंसी | पंचकूला
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 35.06 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1,129.05 करोड़ रुपये की राशि भेजी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी की। इसके तहत 10.10 लाख महिलाओं और बेटियों के खातों में 212.16 करोड़ रुपये भेजे गए। सरकार के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद अब तक 11 किस्तों में लाभार्थियों को कुल 2,254.47 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। इसमें उद्यम एवं रोजगार नीति, प्लग एंड प्ले, कपड़ा उद्योग सहित अन्य औद्योगिक योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
{किसानों को भावांतर की सहायता: भावांतर भरपाई योजना के तहत 6,177 किसानों के खातों में 49.89 करोड़ रुपये भेजे गए। इनमें 6,012 आलू, 99 फूलगोभी और 66 शहद उत्पादक किसान शामिल हैं। योजना के तहत निर्धारित संरक्षित मूल्य से कम कीमत मिलने पर किसानों को अंतर की भरपाई की जाती है।
{दयालु योजना में 168 करोड़: दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) के तहत 4,520 परिवारों को 168.13 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं। योजना के तहत परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता दी जाती है।
{महिलाओं को गैस सब्सिडी: हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत पांच लाख महिलाओं के खातों में जुलाई की 19.68 करोड़ रुपये की गैस सब्सिडी भेजी गई। योजना के तहत पात्र महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है। सरकार महिलाओं, किसानों, उद्योगों और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों तक पहुंचा रही है।