समर न्यूज। जालंधर
लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के गले में जूतों की माला डालने की घटना के विरोध में पंजाब के कई जिलों में रोष बढ़ गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जालंधर और होशियारपुर में बंद का आह्वान किया गया। जालंधर में सुबह से कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं।
जालंधर में प्रदर्शनकारी विभिन्न स्थानों से एकत्र होकर डॉ. अंबेडकर चौक की ओर बढ़े। हालांकि संगठनों ने लोगों की परेशानी को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम नहीं करने की बात कही। अस्पताल, मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से छूट देने की अपील की गई। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज खुले रखने की बात भी कही गई। बुधवार को लुधियाना में प्रदर्शनकारियों के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बैठने से कई घंटे यातायात प्रभावित हुआ था। होशियारपुर में वाल्मीकि समाज और अन्य संगठनों ने भी बंद का आह्वान किया है। संगठनों ने घटना के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शहर के बाजारों में इसका असर दिखाई दे रहा है। विभिन्न संगठनों ने लोगों और शुक्रवार को अमृतसर में व्यापारियों से बंद को समर्थन देने की अपील की है। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बंद का आह्वान किया है।