summer express , चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग को चरखी दादरी जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें उनकी मौजूदा प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अतिरिक्त सौंपी गई है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश जारी किए हैं।
के. मकरंद पांडुरंग वर्तमान में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग के कमिश्नर एवं सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वह पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें जिले में विभिन्न विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की निगरानी एवं समन्वय करना होगा। संशोधित फीडबैक सिस्टम के अनुसार, पांडुरंग हर तिमाही मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन सेल को अपनी रिपोर्ट और फीडबैक देंगे।
इस समीक्षा में 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की प्रगति, जिले में अपराध की स्थिति और गंभीर अपराधों की घटनाओं की समीक्षा शामिल होगी। इसके साथ ही विजिलेंस से जुड़े मामलों तथा राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सरकारी सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी का भी जायजा लिया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी के तौर पर पांडुरंग स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इसके अलावा टैक्स, जीएसटी और अन्य संबंधित मामलों में जिला आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों के सामने आने वाली समस्याओं की भी जानकारी ली जाएगी।
आदेश के तहत वह उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में जिले के विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण संस्थानों एवं सुविधाओं का निरीक्षण भी किया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य प्रभारी अधिकारियों के माध्यम से जिलों में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है।