{भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर पंजाब के मौजूदा हालात पर की चर्चा
सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब इस समय नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी, युवाओं के विदेश पलायन और आर्थिक संकट जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। इन मुद्दों को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बीबी अमनजोत कौर रामूवालिया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब के मौजूदा हालात और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। अमनजोत कौर रामूवालिया ने कहा कि पंजाब में बढ़ता नशा और गैंगस्टरवाद लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुका है।
नशे ने कई परिवारों की नींद उड़ा दी है, जबकि बेरोजगारी के कारण प्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में विदेशों का रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब की युवा पीढ़ी के भविष्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष किसानों और आम लोगों की समस्याओं के साथ-साथ प्रदेश की वित्तीय स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि खराब प्रशासन और सरकार की कथित नाकामी के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रामूवालिया ने कहा कि पंजाब के लोगों की आवाज को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। पंजाब के हक और जनहित से जुड़े मुद्दों को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे और बेरोजगारी से बचाकर रोजगार, सुरक्षा और तरक्की के रास्ते पर ले जाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए प्रदेश में ठोस और दीर्घकालिक नीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को केवल चुनाव के समय याद करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि प्रदेश के लोगों के भविष्य को लेकर दीर्घकालिक सोच के साथ काम करने वाली पार्टी है।