Summer express/धर्मशाला,राहुल -:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला कांगड़ा की ओर से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर जिला संयोजक आयुष चौधरी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी साझा की।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 14 सितंबर से 26 सितंबर तक चलेगी, जबकि परीक्षा 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को 30 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा।आयुष चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विद्यार्थियों के लिए कुल 6 लाख 22 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय 21 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये दिया जाएगा। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को 11-11 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
जिला स्तर पर प्रथम विजेता को 10 हजार रुपये, द्वितीय को 7 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ तीन सांत्वना पुरस्कार, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भी प्रदान किए जाएंगे।प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र में देश और हिमाचल प्रदेश से जुड़े करंट अफेयर्स एवं सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित, हिमाचल प्रदेश से संबंधित विषयों तथा विद्यार्थी परिषद से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।आयुष चौधरी ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शुरुआती अनुभव प्रदान करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने 9वीं से 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।