summer express , अंकुर कपूर,अंबाला। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर के 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। अंबाला में भी बैंक कर्मचारियों ने इंडियन बैंक, निकोलसन रोड के सामने एकत्र होकर सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।
हड़ताल के कारण अंबाला शहर की कई बैंक शाखाओं में नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। कई शाखाओं में कामकाज ठप रहा और बैंक पहुंचे ग्राहकों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। हालांकि डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने के कारण ऑनलाइन लेनदेन करने वाले ग्राहकों को अपेक्षाकृत कम परेशानी हुई।
हरियाणा बैंक एम्प्लॉय फेडरेशन के सचिव पीसी चौहान ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने सरकार और बैंक प्रबंधन से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही कहा कि शुक्रवार की हड़ताल फिलहाल सांकेतिक रूप से एक दिन के लिए की गई है। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो बैंक कर्मचारी संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देने की तैयारी करेगा।
पीसी चौहान ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन आगे की रणनीति जल्द तय करेगा और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।