summer express , भिवानी। गांव गोठड़ा में 41 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के पिता की शिकायत पर लोहारू थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रविंदर कुमार को सौंपी गई है।
गांव गोठड़ा निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार रणबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बड़ा बेटा प्रवीण कुमार उर्फ सीटू रात करीब नौ बजे उनके प्लाट में मौजूद था। शिकायत के मुताबिक, उसी दौरान गांव के जयकरण पुत्र ओमप्रकाश, वसंत पुत्र दरिया सिंह, महिपाल पुत्र ईश्वर सिंह, सोमवीर पुत्र ताराचंद और पवन पुत्र मातूराम भी वहां बैठे हुए थे। आरोप है कि सभी लोग प्लाट में खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान प्रवीण के साथ मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के बाद प्लाट में सामान बिखरा हुआ मिला। कुछ समय बाद प्रवीण का शव जयकरण के घर के सामने गली में खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
पुलिस कंट्रोल रूम से गांव गोठड़ा की गली में एक युवक के खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करवाकर सीन ऑफ क्राइम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने मौके से खून लगे सामान समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान उसके पिता रणबीर सिंह ने प्रवीण कुमार उर्फ सीटू के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारू की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने रणबीर सिंह की शिकायत पर बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191(3) और 191(2) के तहत मुकदमा नंबर 170 दर्ज किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीण कुमार अपने पीछे करीब दो साल की बेटी और दो माह के बेटे को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।