सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
जिला कचहरी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिस्ट्रिक्ट एवं सेशंस जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर कोर्ट परिसर को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी उस समय दी गई, जब कचहरी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही चल रही थी और बड़ी संख्या में वादी, वकील, न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया। कचहरी परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को डिस्ट्रिक्ट व सेशंस जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर deniseseward01@gmail.com,mailto:deniseseward01@gmail.com से धमकी भरा ईमेल भेजा गया।
ईमेल में भेजने वाले ने खुद को आतंकी संगठनों से जुड़ा बताते हुए दोपहर 1:11 बजे लुधियाना कोर्ट परिसर में बम धमाका करने की धमकी दी। धमकी में राष्ट्रीय लोक अदालत को भी निशाना बनाने की बात कही गई।
ईमेल में पंजाब के अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई। संदेश में मोहाली व हलवारा एयरपोर्ट पर हमले की धमकी की भी चेतावनी दी गई।
धमकी मिलते ही कचहरी छावनी में तब्दील
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कचहरी के प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आने-जाने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट रूम, पार्किंग, बार रूम, वकीलों के चैंबर, कैंटीन, सार्वजनिक शौचालयों सहित पूरे परिसर की सघन तलाशी ली।
लावारिस बैग, सामान और वाहनों की भी जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे परिसर में विशेष सतर्कता बरती। राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचे लोगों को भी सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
सेशंस जज ने सीपी को लिखा पत्र
गंभीर धमकी को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट एवं सेशंस जज ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पत्र में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, वकीलों और लोक अदालत में पहुंचे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध करने को कहा गया है। साथ ही कोर्ट भवन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईमेल भेजने वाले की तलाश तेज
धमकी के बाद पुलिस और साइबर क्राइम की तकनीकी टीमें सक्रिय हो गई हैं। जांच टीम ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और डिजिटल स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में किसी आतंकी संगठन से जुड़ी है या किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर ईमेल भेजा है। पूरे मामले में सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।