Summer express/सोनीपत,रमेश कुमार-सोनीपत पहुंचे हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता कर कई अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के स्कूलों में महीनेभर चलने वाले कार्यक्रमों का ऐलान किया गया। वहीं जलभराव, शिक्षकों की कमी और मुरथल यूनिवर्सिटी में छात्राओं की शिकायत से जुड़े मामले पर भी शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए हरियाणा के स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर के स्कूलों में अलग-अलग गतिविधियां करवाई जाएंगी। इनमें भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों के लिए कई अन्य कार्यक्रम भी शामिल होंगे।शिक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय से देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में लगातार मजबूत हुआ है। मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों के सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश में जलभराव की समस्या को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि रोहतक, झज्जर और सोनीपत समेत कई क्षेत्रों में जलभराव से किसानों को राहत पहुंचाई गई है। सरकार का लक्ष्य है कि चरणबद्ध तरीके से सेम प्रभावित जमीन की समस्या को खत्म किया जाए।
वहीं मुरथल यूनिवर्सिटी में छात्राओं की ओर से एक प्रोफेसर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में मंत्री ने कहा कि शिकायत सरकार तक पहुंची है और मामले की रिपोर्ट मंगवाई गई है। उन्होंने कहा कि बेटियों को डरने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद मामले में नियमानुसार सख्त फैसला लिया जाएगा।पानीपत के गढ़ी छाजू गांव में सरकारी स्कूल के सामने शराब ठेका और स्कूल की पानी की टंकी में शराब की खाली बोतलें मिलने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।शिक्षकों की कमी के मुद्दे पर भी शिक्षा मंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने की दिशा में सरकार काम कर रही है और किसी भी शिक्षण संस्थान में शिक्षकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी।वहीं हरियाणा के कारोबारियों को विदेशों में बैठे गैंगस्टरों की ओर से मिल रही धमकियों और निशाना बनाए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान जारी है।