summer express ,बलिंदर कुमार , कैथल। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्षा बंतो कटारिया ने बुधवार को कैथल लघु सचिवालय स्थित सभागार में अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अत्याचार और उत्पीड़न से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
आयोग की अध्यक्षा ने सुनवाई के दौरान कुल 10 शिकायतों पर विचार किया। इनमें से छह मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि चार मामलों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एक मामले में जांच के लिए कमेटी का गठन भी किया गया।
बंतो कटारिया ने कहा कि आयोग के समक्ष आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आयोग की ओर से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनकल्याण और लोगों के हित में कार्य किए जा रहे हैं। आयोग भी अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की शिकायतों के समाधान और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
इस अवसर पर आयोग की उपाध्यक्ष रेणु डाबला, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी बीरभान, सुशील प्रकाश, रमेश गुलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।