summer express , बहादुरगढ़। बालौर गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परिसर में बने प्याऊ के कमरे में सोलधा गांव निवासी युवक नीरज का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके गले और छाती पर चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वारदात की जानकारी देर रात करीब एक बजे सामने आई। बताया जा रहा है कि गौरव नामक युवक के पिता कृष्ण ने नीरज के परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंचे, जहां प्याऊ के कमरे में नीरज का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मनोज, डीएसपी प्रदीप खत्री और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, नीरज खेतीबाड़ी का काम करता था और दो भाइयों तथा दो बहनों में सबसे छोटा था। हत्या की वारदात के पीछे गौरव नामक युवक पर शक जताया जा रहा है। हालांकि अभी हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात से पहले नीरज ने अत्यधिक नशे का सेवन किया था या उसे नशे की अधिक मात्रा दी गई थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस नामजद आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।