Summer express/Chandigarh -:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हरियाणा के विधायकों की मुलाकात को ऐतिहासिक, प्रेरणादायक और बेहद महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विधायकों को लंबा समय दिया और प्रदेश के विकास, जनसेवा तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकसित भारत केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बनेगा। जब किसान, युवा और महिलाएं इस संकल्प से जुड़ेंगे, तभी विकसित भारत और विकसित हरियाणा का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रधानमंत्री ने विधायकों से सरकार और जनता के बीच दूरी खत्म करने तथा अधिक से अधिक लोगों से सीधे जुड़ने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30 से 35 गांवों में नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। करीब 230 टोलियां गांवों में जाकर टिफिन बैठक, जनसंवाद, स्वच्छता अभियान और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करेंगी तथा उनके समाधान के लिए काम करेंगी।सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा में लंबे समय तक रहने के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए प्रदेश को परिवार की तरह बताया और विधायकों से भी परिवार के सदस्यों की तरह संवाद किया। उन्होंने सभी विधायक, मंत्री, नेता और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भाजपा के कार्यकर्ता, मंत्री और विधायक लगातार जनता के बीच नजर आए।प्रधानमंत्री ने बालिका शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। जहां बालिका शिक्षा का प्रभाव कम है, वहां विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।सैनी ने एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।