Summer express/मंडी/ धर्मवीर -:कांग्रेस नेता एवं सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर ने भाजपा विधायक दलीप ठाकुर पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक दलीप ठाकुर जब एपीएमसी के चेयरमैन पद पर थे, तब भी उन्होंने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करना तो दूर, एक खुरली तक की व्यवस्था नहीं हो पाई।बलद्वाड़ा में अंडर-19 स्कूली बच्चों की जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर पवन ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट क्षेत्र में वर्तमान में जो विकास कार्य हो रहे हैं, वे प्रदेश की सुक्खू सरकार की नीतियों और प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
पवन ठाकुर ने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ठोस योजनाओं की आवश्यकता है। उन्होंने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को केवल दावों के बजाय धरातल पर काम चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जिलेभर से छात्र और छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल नौ अलग-अलग सांस्कृतिक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। विभिन्न स्कूलों से पहुंचे प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियों की तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों की ओर से विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर भी मिल रहा है।