दस चेकडैम से भी मिलेगा पानी, एक्वेरियम और पेयजल के लिए अलग व्यवस्था
Summer express/हमीरपुर, अरविंद-। कांगड़ा जिला के बनखंडी में निर्माणाधीन बड़े चिड़ियाघर में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। चिड़ियाघर परिसर में लाखों लीटर क्षमता वाले वाटर टैंकों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इनमें जानवरों के पीने के पानी, सिंचाई, एक्वेरियम और अन्य आवश्यकताओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। विभाग की ओर से इन टैंकों की जल्द टेस्टिंग करवाने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार चिड़ियाघर परिसर में 10.5 लाख लीटर क्षमता का एक बड़ा वाटर टैंक बनाया गया है। इसके अलावा एक-एक लाख लीटर क्षमता वाले सात अन्य टैंकों का भी निर्माण किया गया है। इन सभी टैंकों की टेस्टिंग जल शक्ति विभाग के सहयोग से की जाएगी। वन्य प्राणी विभाग जल्द ही जल शक्ति विभाग से संपर्क कर टैंकों की जांच प्रक्रिया शुरू करवाएगा। टेस्टिंग के दौरान टैंकों की क्षमता और तकनीकी व्यवस्था को परखा जाएगा। सब कुछ सही पाए जाने के बाद इन्हें नियमित उपयोग में लाया जाएगा।चिड़ियाघर के लिए पानी की उपलब्धता केवल इन टैंकों तक सीमित नहीं है। परिसर के आसपास पहले ही दस चेकडैम बनाए जा चुके हैं। इन चेकडैमों की कुल जल भंडारण क्षमता करीब 4.5 करोड़ लीटर बताई जा रही है। इनसे चिड़ियाघर में जानवरों के लिए पानी और सिंचाई की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। विभाग का कहना है कि चिड़ियाघर के निर्माण की शुरुआत से ही पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता में रखा गया था। करीब दो वर्ष पहले चेकडैम तैयार किए गए थे और वर्तमान में इनका उपयोग भी किया जा रहा है।
चिड़ियाघर में कई बड़े एक्वेरियम भी स्थापित किए जाने हैं। इनमें विभिन्न प्रजातियों की आकर्षक मछलियां रखी जाएंगी। एक्वेरियम के लिए साफ पानी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आगंतुकों के लिए पेयजल की अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि चिड़ियाघर का संचालन शुरू होने से पहले पानी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार और जांची-परखी हों।वन्य प्राणी विभाग की ओर से चिड़ियाघर का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगामी करीब डेढ़ महीने में पानी से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरा कर उनकी टेस्टिंग करने का लक्ष्य है।
डीएफओ वाइल्ड लाइफ रेजिनॉल्ड रॉयस्टन ने बताया कि वनखंडी चिड़ियाघर में पानी की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। इसके लिए बड़े क्षमता वाले टैंकों का निर्माण किया गया है। दस चेकडैम पहले ही बनाए जा चुके हैं, जिनकी क्षमता करीब 4.5 करोड़ लीटर है। एक्वेरियम और पेयजल के लिए अलग टैंकों की व्यवस्था की गई है। जल्द ही इनकी टेस्टिंग करवाई जाएगी।