summer express,पानीपत। मनमोहन नगर में देर शाम अवैध रूप से शराब पिलाने के विरोध को लेकर हुए हिंसक विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने किला थाना प्रभारी दीवान सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही थाना प्रभारियों में बदलाव करते हुए बापौली थाना प्रभारी नीरज को किला थाना प्रभारी और फतेह सिंह को बापौली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी मेधा भूषण भी देर रात तीनों सीआईए टीमों और साइबर सेल के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, मनमोहन नगर स्थित एक कार्यालय में बाहरी युवकों को कथित तौर पर शराब पिलाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फरमान नामक युवक के कार्यालय में शाम के समय लोगों का जमावड़ा रहता था। शाम शराब पीने को लेकर विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद करीब एक घंटे के भीतर दोनों पक्षों में तीन बार झड़प हुई। पहले गाली-गलौज और मारपीट हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे, गंडासी और तलवारें लेकर चौराहे पर पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया।
इसी दौरान फरमान पक्ष की ओर से पिस्तौल से तीन राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप है। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भी हथियारों के साथ उनका पीछा किया। हमले में फरमान के चेहरे और कमर पर गंभीर चोटें आईं। उपद्रवियों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की और बाद में बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस साइबर सेल और सीआईए की टीमें संभावित आरोपियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।