summer express, नूरपुर, संजीव महाजन। हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 116 ग्राम चरस और 10.47 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों मामलों में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस ने संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में सीआईए विंग, पुलिस जिला नूरपुर की टीम गश्त और नाकाबंदी के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर पलीण, जौंटा के समीप एक वाहन में चरस छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के स्टीयरिंग के नीचे लगे प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखी गई 116 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने इस मामले में काकू (33) पुत्र वीरू, निवासी गांव रिखवानी, डाकघर सिंघा, तहसील सलूणी, जिला चंबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस के साथ वाहन नंबर एचपी 81-5184 को भी कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एफआईआर नंबर 252/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
दूसरे मामले में सीआईए विंग की टीम को सूचना मिली कि सफेद रंग की टाटा अल्ट्रोज कार में सवार दो व्यक्ति चिट्टा लेकर पठानकोट से जसूर की ओर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कंडवाल पुलिस चौकी के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार नंबर एचपी 28सी-3330 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक की सीट के नीचे फुट मैट में छिपाकर रखा गया 10.47 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में राकेश कुमार पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव एवं डाकघर जौंटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा और गौरव कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव खज्जियां, डाकघर खेल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ संबंधित वाहन को भी कब्जे में लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एफआईआर नंबर 255/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े मामले की आगामी जांच कर रही है।
पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि नशे की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।