Summer express, फरीदाबाद, सुन्दर कुंडू। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के फतेहपुर तगा गांव में पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम को बंधक बनाकर की गई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात की साजिश पीड़ित के पड़ोसी साहुन खान ने रची थी। उसने उत्तर प्रदेश के अमरोहा से बदमाशों को बुलाकर डकैती की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, साहुन खान को जानकारी थी कि पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम के घर में जमीन की बिक्री से मिली बड़ी रकम रखी हुई है। अब्दुल कदीम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं और 26 सितंबर को जमीन की रजिस्ट्रियां कराने के लिए उन्होंने घर में नकदी रखी थी। इसी जानकारी के आधार पर डकैती की योजना तैयार की गई।
पीड़ित अब्दुल कदीम ने पुलिस को बताया कि 25 और 26 सितंबर की दरमियानी रात वह घर में अकेले सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। रात करीब ढाई बजे सात हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें काबू कर लिया और चारपाई पर रस्सियों से बांध दिया। एक बदमाश उन पर बंदूक तानकर पहरा देता रहा, जबकि अन्य बदमाश घर के कमरों में नकदी तलाशने लगे।
बदमाशों ने अलमारी के दरवाजे तोड़ दिए और बेड सहित अन्य सामान की तलाशी ली। इसके बाद वे अलमारी में रखी करीब 1.04 करोड़ रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर की दीवार के रास्ते बाहर निकले।
क्राइम ब्रांच की जांच में पड़ोसी साहुन खान की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन, मोहम्मद आरिफ और मोसीब आलम को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।