Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन है। महाराजा अग्रसेन ने समाज सेवा, पारदर्शी व्यापार, समानता और सबको आगे बढ़ने के अवसर देने का संदेश दिया था। उनके सिद्धांत आज भी समाज और शासन व्यवस्था के लिए प्रासंगिक हैं।
अनिल विज रविवार रात अंबाला छावनी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में अग्रवाल सभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने समाजसेवा के कार्यों के लिए अग्रवाल सभा को अपने स्वैच्छिक कोष से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन एक महान शासक होने के साथ-साथ समाजशास्त्री और अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने हजारों वर्ष पहले ऐसी सामाजिक व्यवस्था की कल्पना की थी, जिसमें जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिले। उनकी नगरी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक ईंट और एक रुपया देने की परंपरा इसी सोच का प्रतीक थी। ईंट से व्यक्ति अपने रहने के लिए घर बना सकता था, जबकि रुपये से कारोबार शुरू कर सकता था।
विज ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने व्यापार में पारदर्शिता बनाए रखने और अपनी आय का कुछ हिस्सा समाज कल्याण के लिए खर्च करने की प्रेरणा दी। अग्रवाल सभा इसी भावना के अनुरूप समाजसेवा के विभिन्न प्रकल्प चला रही है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों का मूल उद्देश्य सभी को समान अवसर देना और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने में सहयोग करना है। सरकारों को भी इन आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए अनिल विज ने कहा कि केंद्र सरकार ने आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, घरों में शौचालय निर्माण, हर घर नल से जल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और जनधन योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जनधन खातों के माध्यम से लाभार्थियों को सरकारी सहायता सीधे उनके बैंक खातों में मिल रही है। किसानों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे खातों में दिया जा रहा है। विज के अनुसार, जनकल्याण और समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की सोच महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से मेल खाती है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर अग्रवाल सभा के सुभाष गोयल, हंसराज अग्रवाल, भूषण गुप्ता, प्रदीप गोयल, राजीव अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, आशुतोष गुप्ता, आशीष अग्रवाल और महेश चंद अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने अनिल विज का स्वागत किया। भजन संध्या के दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ भजनों पर भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा नेता ललता प्रसाद, रवि बुद्धिराजा, प्रवेश शर्मा, डॉ. दिनेश, अजय बवेजा, शैलेंद्र खन्ना, अनिल बहल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।