पीपीपी मॉडल के तहत होगा पार्क का संचालन, एग्रीमेंट की प्रक्रिया बाकी; टेंट गतिविधियों की अनुमति पर विचार संभव
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला उपमंडल के अंतर्गत टंग नरवाणा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क की नीलामी करीब 90 लाख रुपये में हुई है। स्टेट इकोटूरिज्म सोसाइटी की ओर से आयोजित नीलामी प्रक्रिया में एच-1 बिडर ने सबसे अधिक बोली लगाई है। अब संबंधित बोलीदाता के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। यह एग्रीमेंट शिमला में किया जाएगा। पार्क का संचालन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा, जबकि इसकी जिम्मेदारी वन विभाग के पास रहेगी।
करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस पार्क को वर्ष 2019-2020 में पर्यटन विभाग ने विकसित किया था। निर्माण पूरा होने के बाद पार्क पर्यटन विभाग के अधीन रहा और बाद में इसे वन विभाग को सौंप दिया गया। अब सरकार ने इसके संचालन को लेकर निर्णय लिया है। वन विभाग ने पार्क की साइट को अपने वर्किंग प्लान में शामिल करवाने के साथ ही इसके संचालन के लिए आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त की हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल से भी इस साइट के संचालन को मंजूरी मिल चुकी है।
एग्रीमेंट के लिए मिलेंगे 90 दिन
नीलामी में सफल बोलीदाता को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने, आवश्यक फीस जमा करवाने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 90 दिन यानी तीन महीने का समय दिया जाएगा। फिलहाल नीलामी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एग्रीमेंट होने के बाद पार्क के संचालन से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
स्थायी निर्माण की नहीं मिलेगी अनुमति
वन विभाग के अनुसार, पार्क के संचालन के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। नीलामी के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। पार्क में पहले से मौजूद ढांचे के अनुरूप ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। बोलीदाता को किसी भी तरह के स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, पर्यटकों की सुविधाओं और गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए टेंट लगाने जैसी व्यवस्थाओं को मंजूरी देने पर विभाग विचार कर सकता है।