Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-:प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में बुधवार सुबह जेबकतरी की घटना सामने आई। मां के दर्शन करने पहुंचे पंजाब के श्रद्धालु की जेब से 15 हजार रुपये चोरी हो गए। मंदिर सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों की तत्परता से चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर श्रद्धालु को वापस दिला दी गई।जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर स्थित मोहल्ला जगतपुरा निवासी सुखदेव राज अपनी पत्नी के साथ मां चिंतपूर्णी के दर्शन करने पहुंचे थे। दरबार में माथा टेकने के दौरान उनकी जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर में तैनात पीसी इंचार्ज जागीरी लाल और उनकी टीम सक्रिय हो गई। सीसीटीवी ऑपरेटर सुशील कुमार ने फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की और सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद होमगार्ड जवानों ने संदिग्धों का पीछा करते हुए बस स्टैंड तक पहुंचकर कार्रवाई की।इस दौरान महिला होमगार्ड कुलविंदर कौर ने संदिग्ध व्यक्ति की पत्नी की तलाशी ली, जिसमें चोरी किए गए 15 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अतिरिक्त तलाशी के दौरान एक अन्य पर्स भी मिला है, जिसके संबंध में पूछताछ की जा रही है।घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। होमगार्ड जवानों की सतर्कता से श्रद्धालु को उसकी पूरी नकदी वापस मिल गई।