Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में 17 अक्टूबर को उदय सिंह किले में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए अग्रवाल समाज के नेता अशोक गोयल ने व्यापारियों और दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें निमंत्रण दिया। उन्होंने सराफा बाजार सहित मेन बाजार, रेलवे गेट, जनता मार्केट, तलाई बाजार और भगत सिंह मार्केट में पहुंचकर दुकानदारों को निमंत्रण पत्र सौंपे और कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
इस दौरान सराफा बाजार में पहुंचने पर व्यापारियों और दुकानदारों ने अशोक गोयल का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। व्यापारियों और कर्मचारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की जयंती को भव्य रूप से मनाया जाना समाज के लिए खुशी की बात है। ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों को एक साथ आने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अशोक गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया था। अग्रवाल समाज उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए इन मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से जयंती समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अशोक गोयल ने बताया कि इस बार जयंती समारोह के तहत 16 अक्टूबर को महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें डांडिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं, अग्रवाल बंधुओं के लिए कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को एकजुट रहने और आपसी सहयोग की प्रेरणा देते हैं। जयंती समारोह के माध्यम से उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।