Summer express, गुरुग्राम। नूंह जिले के तावडू क्षेत्र के खरखड़ी गांव निवासी वांछित आरोपी शाहिद उर्फ आडवाणी को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। नूंह क्राइम ब्रांच की टीम उसका पीछा करते हुए गुरुग्राम पहुंची थी। सोहना क्षेत्र के सिलानी गांव के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें शाहिद की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वह गोतस्करी और एटीएम मशीन उखाड़ने सहित कई आपराधिक मामलों में वांछित था।
जानकारी के मुताबिक, नूंह क्राइम ब्रांच की टीम शाहिद की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह गुरुग्राम की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने उसका पीछा किया और सोहना के सिलानी गांव के नजदीक उसे घेर लिया। इसी दौरान पुलिस और शाहिद के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना में शाहिद मारा गया।
पुलिस के मुताबिक, शाहिद उर्फ आडवाणी वर्ष 2018 में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उस पर गोतस्करी और एटीएम मशीनों को उखाड़ने समेत कई मामलों में संलिप्त होने के आरोप थे। लंबे समय से फरार रहने के कारण वह पुलिस के लिए वांछित था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।