करुणा मित्तल | पंचकूला
समर न्यूज
हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने निजी कंपनी ‘इलेवन पावर’ को बिजली वितरण का लाइसेंस दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया और पुतला फूंका।
कर्मचारियों ने सरकार से इस फैसले को वापस लेने और उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता एचएसईबी वर्कर यूनियन के राज्य महासचिव यशपाल देशवाल ने की, जबकि मंच का संचालन जोनल ऑर्गनाइजर नंबर-1 रमेश कुमार ने किया।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अनुसार, हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) ने 18 अक्टूबर 2026 को गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी ‘इलेवन पावर’ को 25 वर्षों के लिए समानांतर विद्युत वितरण लाइसेंस देने का निर्णय लिया है। मोर्चा ने इस फैसले को सार्वजनिक क्षेत्र, बिजली कर्मचारियों और
आम उपभोक्ताओं के हितों के प्रतिकूल बताया।
इस विरोध प्रदर्शन में इंजीनियर एसोसिएशन से निर्मल सिंह, प्रदीप गोयत, अमित भोसले, राजीव चौहान, पूर्णमल, सोनू नागर, राकेश बागड़ी, अनिल सांगवान, अनिल कालीरमन और अनिल नरवाल सहित संगठन की पूरी कार्यकारिणी ने भाग लिया।