Summer express, इंफाल। मणिपुर में हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के व्यक्ति पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वह पी मोल्डिंग गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। दूसरा व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा।
घटना के विरोध में कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी ने मंगलवार आधी रात से जिले में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया। इससे एक दिन पहले सोमवार को इसी जिले के सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी इकट्ठा कर रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर घात लगाकर हमला किया गया था। गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
उधर, मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार को घाटी के पांच जिलों में 48 घंटे के बंद का व्यापक असर देखने को मिला। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जबकि कुछ निजी वाहन सड़कों पर चलते दिखाई दिए। नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर ने मंगलवार और बुधवार को बंद का आह्वान किया है।
इस बीच, पुलिस ने कांगपोकपी जिले में तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दोरजी लहातू ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में से दो ने सुनरोक पहाड़ियों में हुए हमले में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने थौबल जिले में हाल में दो समुदायों के बीच हुई झड़पों के मामले में भी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन झड़पों के दौरान एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं के साथ की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के नेताओं के साथ बैठक कर राज्य की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता मेघचंद्र सिंह, लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजम और गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने राज्य में मौजूदा हालात पर चर्चा करते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मांग पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि बैठक में राज्य की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही मणिपुर में शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी चर्चा हुई।