Summer express/बिलासपुर/सुभाष -:जिला बिलासपुर के लुहणू मैदान में मंगलवार से पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चार दिनों तक चलने वाली इस भर्ती में जिलेभर के 5637 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।भर्ती को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।अभ्यर्थियों की सुविधा और भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए मैदान में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।भर्ती की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान स्वयं लुहणू मैदान पहुंचे। उन्होंने वहां व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारी लगातार भर्ती से जुड़ी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में 4202 पुरुष और 1435 महिला अभ्यर्थी भाग लेंगे। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक तीन नवंबर को 1502 पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। चार नवंबर को 1500 पुरुष अभ्यर्थी भर्ती में हिस्सा लेंगे। वहीं, पांच नवंबर को 1200 पुरुष और 300 महिला अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। भर्ती के अंतिम दिन छह नवंबर को 1135 महिला अभ्यर्थी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है।