Summer express, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में दिवाली के दौरान प्लास्टिक की थैली को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रेलवे रोड स्थित एक मिठाई की दुकान पर दिल्ली से पूजा करने आए परिवार और दुकानदार के बीच जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते दुकान अखाड़े में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और एक-दूसरे पर कुर्सियां व मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान फेंका गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली का एक परिवार दिवाली के अवसर पर पूजा करने के लिए घरौंडा आया हुआ था। इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य रेलवे रोड स्थित मिठाई की दुकान पर मिठाई खरीदने पहुंचे। मिठाई लेने के बाद प्लास्टिक की थैली मांगने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
दुकानदार मनोज गोयल का आरोप है कि ग्राहक ने प्लास्टिक की थैली को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और दिल्ली से आए परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। दुकानदार पक्ष का कहना है कि दुकान में भी हंगामा किया गया और सामान इधर-उधर फेंका गया।
वहीं, दिल्ली से आए परिवार ने दुकानदार के आरोपों को गलत बताते हुए दूसरा पक्ष रखा है। महिला ग्राहक और उसके परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने दुकानदार से पैसे वापस मांगे तो दुकानदार और उसके सहयोगियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परिवार की एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने दावा किया कि मारपीट में बुजुर्ग महिला की टांग टूट गई है। परिवार ने दुकानदार पक्ष पर दुर्व्यवहार और जबरन हमला करने के आरोप भी लगाए हैं।
विवाद दुकान से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। आरोप है कि दुकानदार और उसके सहयोगियों ने दिल्ली से आए परिवार की कार को घेर लिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, हंगामा इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिसकर्मी के साथ भी धक्का-मुक्की हो गई।
दिवाली के दिन हुई इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दुकान के अंदर दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और हंगामे का घटनाक्रम कैद हुआ है। घटना के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। दुकानदार मनोज गोयल और दिल्ली से आई महिला ग्राहक व युवती ने भी अपनी-अपनी बात रखी है।