Summer express/हमीरपुर-:हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बमसन टौणी देवी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत बारी के छत्रैल गांव में आधी रात को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से ग्रामीण कृष्ण चंद के रिहायशी मकान के साथ रखी घास की करीब 60 गड्डियां और तिरपाल जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते किए गए प्रयासों से आग को घर तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे के बाद की है। जब पूरा गांव सो रहा था, तभी अचानक कृष्ण चंद के घर के समीप रखी घास में आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। रिहायशी मकान के बिल्कुल नजदीक आग लगने से परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया। घटना का पता चलते ही स्थानीय वार्ड पंच सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।घटना के बाद अगली सुबह ग्राम पंचायत बारी के प्रधान राजीव चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रधान ने बताया कि आग से कृष्ण चंद की लगभग 60 गड्डियां घास और तिरपाल पूरी तरह जल गए हैं। ग्रामीणों की तत्परता के चलते आग को मकान तक पहुंचने से रोक लिया गया।
जानबूझकर आग लगाने की आशंका, जांच की उठी मांग
इस घटना के बाद गांव में आग लगने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शुरुआती तौर पर किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।घटना से ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आग लगने के कारणों का पता लगाने और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।