Summer express/शिमला/संजू- हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर की जमकर सराहना की। सोमवार को ठियोग के ग्राम पंचायत क्यारटु के नाल में आयोजित एक दिवसीय दीपावली मेले में विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से उनके साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने राठौर को केवल विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नेता न मानते हुए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर का मजबूत नेतृत्व बताया। उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर में इतना दम है कि वे केवल शिमला ही नहीं, बल्कि दिल्ली को भी हिलाने की क्षमता रखते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर एक मजबूत नेतृत्व हैं और यह इस क्षेत्र की खुशनसीबी है कि यहां हमेशा दमदार नेतृत्व मिलता रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कुलदीप सिंह राठौर को केवल विधायक के तौर पर न देखें, बल्कि उनकी राजनीतिक क्षमता और व्यापक नेतृत्व को भी समझें।इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्या स्टोक्स का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्या स्टोक्स ने लंबे समय तक इस क्षेत्र का नेतृत्व किया। वह कई बार विधायक और मंत्री रहीं तथा अपने राजनीतिक अनुभव और कार्यों से इस इलाके को नई राजनीतिक बुलंदियों तक लेकर गईं। उन्होंने विद्या स्टोक्स के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर में भी पूरी क्षमता है कि वह आने वाले समय में इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए क्षेत्र की जनता को उनका मजबूती से साथ, सहयोग और समर्थन करना चाहिए।