नाइजीरिया | उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक भयावह हादसे में यात्रियों से भरी एक नौका पलटने से कम से कम 25 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा शनिवार को नाइजर राज्य के शिरोरो क्षेत्र स्थित गुमु गांव के पास हुआ, जहां एक बाजार से लौट रहे लोग नौका में सवार थे।
हथियारबंद गिरोहों की मौजूदगी से रेस्क्यू में मुश्किल
राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (NEMA) के अधिकारी इब्राहिम हुसैनी ने बताया कि बचाव कार्य जारी है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हादसे वाला इलाका हथियारबंद गिरोहों के नियंत्रण में है, जिससे राहत और खोज अभियान बाधित हो रहा है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कई लोग लापता हैं और मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। स्थानीय प्रशासन और एजेंसियां मौके पर जुटी हुई हैं, लेकिन असुरक्षा के माहौल के कारण कार्य तेजी से नहीं हो पा रहा है।