करनाल | करनाल से हरियाणा CET परीक्षा को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां एक युवक को अपने दोस्त की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी युवक राकेश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि असली परीक्षार्थी भगत सिंह को बाद में कैथल से दबोचा गया।
जांच में खुलासा हुआ कि भगत सिंह ने अपने दोस्त राकेश को परीक्षा दिलवाने के लिए पैसे दिए थे। परीक्षा में शामिल होने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर की गई थी, जिससे शक गहराया और करनाल पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने RS स्कूल एग्जाम सेंटर पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में जब असली परीक्षार्थी का नाम सामने आया, तो पुलिस ने कैथल से उसे भी हिरासत में ले लिया। दोनों युवकों का मेडिकल करवाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और परीक्षा में गड़बड़ी के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।