नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा के दौरान भारतीय सेना की वीरता और रणनीतिक सफलता को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे पहलगाम हमले का जवाब भारतीय सेना ने पूरी ताकत से दिया और आतंकियों को उनकी ही भाषा में करारा सबक सिखाया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी इस ऑपरेशन से जुड़ी कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ‘विजयोत्सव’सिर्फ एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि हमारे सुरक्षाबलों की अदम्य साहस और शौर्य का उत्सव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस ऑपरेशन की मार से आज भी आतंकी सरगनाओं की नींद उड़ी हुई है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी, जबकि यह देशहित के खिलाफ था। पीएम ने यहां तक कह दिया – “हम गोली का जवाब गोले से देंगे।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के पास राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कभी भी स्पष्ट विजन नहीं रहा और आज देश जो भुगत रहा है, वह कांग्रेस के गलत फैसलों का ही नतीजा है।
इस पूरे बयान के दौरान संसद में तीखी बहस हुई और विपक्ष ने पीएम के बयानों पर आपत्ति भी जताई। लेकिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सरकार का रुख साफ था – दहशत के खिलाफ जंग, बिना झुके और डरे।