चंडीगढ़ | हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आज मंत्रिमंडल की कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णयों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोपों का करारा जवाब दिया।
दरअसल, कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी को लेकर भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग पर महंगाई का बोझ और बढ़ेगा, जिससे जमीन और मकान खरीदना आम आदमी के लिए सपना बन जाएगा। उन्होंने सरकार से यह फैसला वापस लेने की मांग की थी।
CM सैनी का पलटवार
इन आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि “हमारी सरकार गरीबों के लिए है, जबकि कांग्रेस की सरकार सिर्फ बड़े-बड़े रसूखदारों के हित में फैसले लेती थी। उस वक्त गरीब की कोई सुनवाई नहीं होती थी और वह चिंता में मरता था।” सैनी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सभी वर्गों की भलाई को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रेट में बदलाव किया है और इस पर जनता से आपत्तियां भी मांगी गई हैं।
CM ने हुड्डा पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने कभी गरीबों के हित में कोई ठोस नीति नहीं बनाई, बल्कि केवल दिखावे की राजनीति की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर रेट में पारदर्शिता और न्याय की भावना के साथ काम किया गया है।
सरकार बनाम विपक्ष की इस जुबानी जंग के बीच अब देखना होगा कि कलेक्टर रेट को लेकर सरकार अपने फैसले पर कायम रहती है या विरोध के स्वर दबाव बना पाते हैं।