चंडीगढ़ | पंजाबी सिंगर करन औजला का नया गाना ‘MF गबरू’ इन दिनों विवादों में घिर गया है। गाने की भाषा और कंटेंट को लेकर लुधियाना और चंडीगढ़ में औपचारिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। आरोप है कि इस गाने में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे युवा और बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है।
चंडीगढ़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पंडित्राव धरेनावर ने गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह गाना पंजाबी संस्कृति के खिलाफ है और इस तरह की सामग्री पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
गाने की शूटिंग को लेकर भी विवाद गहरा गया है। जानकारी के अनुसार, जिस लोकेशन पर शूटिंग हुई वह करन औजला का पैतृक गांव है। यहां की सरपंच पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि उन्होंने शूटिंग की अनुमति कैसे दी। गांव के लोगों ने सरपंच से पूछताछ की मांग की है।
हालांकि विवाद के बावजूद ‘MF गबरू’ सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। गाना 1 अगस्त को यूट्यूब पर रिलीज हुआ था और अब तक इसे 90 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।