शगुन कश्यप। चंडीगढ़
समर न्यूज
‘मेरा वार्ड, मेरा परिवार’ अभियान के तहत वार्ड नंबर-31 से भाजपा पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू ने अपने राजनीतिक सफर, वार्ड में करवाए गए विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को लेकर खुलकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि राजनीति में आने से पहले उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक और पंचायती गतिविधियों से जुड़ा रहा है। वर्ष 2021 में ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने चुनाव लड़ा और बाद में भाजपा से जुड़े।
{सरकारी स्कूल को प्लस-टू तक करवाने का दावा: बिल्लू ने बताया कि पार्षद बनने के बाद जब उन्होंने क्षेत्र के सरकारी स्कूल का दौरा किया तो वहां की स्थिति देखकर उन्होंने स्कूल को बेहतर बनाने को प्राथमिकता दी। उनके अनुसार, प्रयासों के बाद स्कूल को प्लस-टू स्तर तक करवाया गया और इसके उद्घाटन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी। इसके अलावा वार्ड की सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य करवाने का दावा उन्होंने किया।
उन्होंने बताया कि वार्ड के विभिन्न हिस्सों में सीवरेज से जुड़े कार्य भी करवाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए भविष्य में बड़ी क्षमता वाली सीवरेज पाइपलाइन की जरूरत है। उन्होंने इसे आने वाले समय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया।
{नशे और अपराध को लेकर पुलिस से सहयोग की मांग: वार्ड में नशे की समस्या का जिक्र करते हुए पार्षद ने पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि हाल में नशे से जुड़े मामलों में कार्रवाई हुई है। साथ ही उन्होंने कुछ स्थानों पर अवैध गतिविधियों और सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने की शिकायतों को लेकर पुलिस से सख्ती की मांग की। बिल्लू ने कहा कि पार्षद का काम पुलिस की जगह कार्रवाई करना नहीं, बल्कि स्थानीय समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग और सक्रिय अधिकारियों की जरूरत पर जोर दिया।
डंपिंग ग्राउंड की जगह पार्क विकसित करने की योजना
पार्षद के अनुसार, वार्ड में पहले डंपिंग ग्राउंड के तौर पर इस्तेमाल हो रही जगह की सफाई करवाकर वहां पार्क विकसित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने खाली पड़ी अन्य जमीनों को भी उपयोगी बनाने और पार्क विकसित करने की योजना का जिक्र किया।
स्थानीय प्रतिनिधि को प्राथमिकता देने की अपील
आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर बिल्लू ने कहा कि पार्टी का फैसला सर्वोपरि होगा। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों, लेकिन अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझने वाले स्थानीय उम्मीदवार को प्राथमिकता दें। उनका कहना था कि स्थानीय प्रतिनिधि से लोग अपनी समस्याएं आसानी से साझा कर सकते हैं और रोजमर्रा के कामों में बेहतर संपर्क बना रहता है।
प्रमुख प्राथमिकताएं
वार्ड नंबर-31 में सीवरेज की क्षमता बढ़ाना, सड़कों और गलियों के शेष कार्य पूरे करना, खाली जमीनों को पार्क के रूप में विकसित करना तथा नशे और अन्य स्थानीय समस्याओं पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय करना पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू द्वारा बताई गई प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।