यमुनानगर | यमुनानगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाया गया है, लेकिन वह गैर जिम्मेदाराना बयान देने के लिए जाने जाते हैं। राफेल सौदे, ऑपरेशन सिंदूर, डोकलाम विवाद और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे मुद्दों पर उन्होंने सरकार की खुली आलोचना की, जिससे देश की गरिमा पर सवाल खड़े होते हैं।
कंवरपाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उस स्तर के नेता नहीं हैं, जिस पद पर उन्हें बैठाया गया है। उन्होंने कहा, “एक अयोग्य व्यक्ति को देश की सर्वोच्च कुर्सी पर बैठाना जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
राबर्ट वाड्रा लैंड डील पर उठे सवालों को लेकर भी उन्होंने कहा कि इतनी जल्दी प्रॉपर्टी के दाम बढ़ना गड़बड़ी का संकेत है और जांच में सच सामने आ जाएगा। साथ ही, उन्होंने 15 अगस्त पर भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और कहा कि पीएम ने स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी वाले राष्ट्रीय उत्सव में बदल दिया है।