हिसार | हिसार जिले की नारनौंद विधानसभा से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को फेसबुक पोस्ट पर कमेंट के जरिए उन्हें धमकी दी गई। धमकी देने वाले आरोपी मोहित दुर्गा पलवल जिले के मांदकौल गांव का रहने वाला है और कथित तौर पर जननायक जनता पार्टी (JJP) का पलवल जिला अध्यक्ष है।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि मोहित दुर्गा पर पहले से ही हत्या, मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी की फेसबुक आईडी ‘मोहित दुर्गा मांदकौल दिग्विजयवादी’ है।
आरोपी ने कमेंट में लिखा:
“जस्सी गोली ये ना ढेके विधायक है या आम आदमी, प्यार की भाषा में समझ जा, क्यों नई उम्र में पंचतत्व में विलीन हो।” नारनौंद थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। विधायक ने पुलिस से तुरंत गिरफ्तारी और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।