अंबाला | बरसात के मौसम के साथ ही डेंगू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 5 मरीज सामने आए हैं। हालात को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता
सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल ने बताया कि जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अस्पतालों में डेंगू वार्ड बनाए गए हैं और दवाइयों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
नगर निगम व परिषद को निर्देश
डेंगू रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम, जिला परिषद सीईओ और अन्य विभागों को पत्र लिखकर गली-मोहल्लों व खाली प्लॉटों में जमा पानी की तुरंत निकासी के आदेश दिए हैं।
जनता से अपील
सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें। साथ ही समय-समय पर सफाई और फॉगिंग के जरिए डेंगू मच्छरों के प्रकोप से बचाव करने का आह्वान किया है।