अमेरिका | पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि भारत से आयातित सामानों पर लगाए गए 50% टैरिफ को कम करने का उनका कोई इरादा नहीं है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार लंबे समय से “एकतरफा” रहा है और भारत अमेरिका से बेहद ऊंचा टैरिफ वसूलता रहा है, जो दुनिया के सबसे ज्यादा शुल्कों में गिना जाता है।
जिनपिंग, पुतिन और किम जोंग पर गंभीर आरोप
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन पर मिलकर अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा—“उन्हें मेरी शुभकामनाएं दें, क्योंकि वे मिलकर अमेरिका को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।”
चीन पर ट्रंप का बयान
चीन को लेकर ट्रंप ने अतीत की अमेरिकी मदद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने चीन को आज़ादी दिलाने और बाहरी आक्रमणकारियों से बचाने के लिए खून बहाया था। कई अमेरिकी सैनिक चीन की जीत के लिए शहीद हुए, और अब वक्त आ गया है कि उनके बलिदान को उचित सम्मान मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राष्ट्रपति शी जिनपिंग कभी इस “खून” का ज़िक्र करेंगे?