8 September, 2025
बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को एशिया कप हॉकी 2025 का रोमांचक फाइनल खेला गया, जिसमें भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कोरिया को 4-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। खचाखच भरे स्टेडियम में स्थानीय दर्शकों ने टीम का उत्साह बढ़ाया और भारत ने उन्हें निराश नहीं किया। इस जीत के साथ भारत ने आठ साल बाद एशियाई मंच पर अपना दबदबा फिर स्थापित किया और साथ ही एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया।
आठ साल बाद एशियाई हॉकी में फिर गूँजी भारत की विजयगाथा
भारतीय टीम की ओर से दिलप्रीत सिंह (28वां, 45वां मिनट), सुखजीत सिंह (पहला मिनट) और अमित रोहिदास (50वां मिनट) ने गोल किए। भारत की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही, जब मैच शुरू होने के सिर्फ 30 सेकंड के भीतर ही सुखजीत ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पास पर पहला गोल दाग दिया।दूसरे क्वार्टर में कोरिया ने मैच को धीमा करने की कोशिश की, लेकिन 28वें मिनट में दिलप्रीत ने शानदार गोल कर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद 45वें मिनट में दिलप्रीत ने एक और गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। अंतिम क्वार्टर में अमित रोहिदास ने गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।इस ऐतिहासिक जीत के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 1.5-1.5 लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। भारत ने आखिरी बार 2017 में ढाका में एशिया कप जीता था।