चंडीगढ़। हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को जानकारी दी कि राज्य के छह जिलों—पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल—में 9 सितंबर को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि यह बारिश का दौर 12 सितंबर तक जारी रह सकता है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ मध्य भारत की ओर सक्रिय है, जो कच्छ, कोटा, औराय, सिद्धि, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस कारण राज्य में मानसून की गतिविधियों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
पश्चिम हरियाणा—सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद, रोहतक और झज्जर—में आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तरी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
अगले सात दिन का मौसम पूर्वानुमान
- 10 सितंबर: गर्मी का असर रहेगा, पारा 35 डिग्री तक पहुंचेगा।
- 11 सितंबर: दिनभर बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश की संभावना, अधिकतम तापमान 33 डिग्री।
- 12 सितंबर: ठंडी हवाएं और हल्की बारिश, तापमान 31 डिग्री तक गिरेगा।
- 13 सितंबर: फिर से गर्मी बढ़ेगी, पारा 34 डिग्री, आसमान में बादल।
- 14 सितंबर: हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी।
- 15 सितंबर: हल्की बारिश और ठंडक का अहसास, तापमान घटकर 30 डिग्री।
- 16 सितंबर: सामान्य मौसम, पारा करीब 31 डिग्री, बादलों की मौजूदगी रहेगी।